अमरोहा। मुफ्त राशन वितरण योजना सोमवार को दूसरे दिन भी परवान नहीं चढ़ सकी है। नमक समेत अन्य खाद्य पदार्थों की खेप नहीं मिलने से 275 कोटेदार राशन वितरण शुरू नहीं कर सके हैं। वहीं शाम तक दो दिन में महज 52,740 कार्डधारकों ने राशन का उठान किया है। माना जा रहा है कि इसके चलते दो लाख से अधिक कार्डधारकों को राशन नहीं मिल सका है। हालांकि दूसरे दिन तक राशन समेत अन्य खाद्य पदार्थ हासिल नहीं करने वाले कार्डधारकों की संख्या 2,75,243 हो रही है।
जिले में कुल 3,27,983 लाख राशन कार्डधारक हैं, जिसमें 20,740 अंत्योदय कार्डधारक हैं वहीं जिले के नौ नगरीय निकायों में 68112 कार्डधारकों के सापेक्ष महज 13,582 को राशन वितरित किया गया है, जबकि देहात के 2,58,987 कार्डधारकों के सापेक्ष 39,158 को राशन बांटा गया है। सरकार ने गेहूं-चावल के साथ कार्डधारकों को दिसंबर से चना, नमक और रिफाइंड तेल भी मुफ्त में दे रही है। जिले में नमक की आपूर्ति गांधीधाम-गुजरात से हो रही है हालांकि सोमवार तक नमक की पर्याप्त खेप नहीं आ सकी है इसके चलते कुल 858 राशन की दुकानों के सापेक्ष महज 583 सस्ते गल्ले की दुकान से राशन वितरित हो सका है। खास बात यह है कि कार्डधारकों के प्रत्येक सदस्य को पांच किलो गेहूं चावल के साथ इन सभी वस्तुओं को देना अनिवार्य है।
जिला पूर्ति अधिकारी पूरन सिंह चौहान ने बताया कि जिले में 858 राशन की दुकानें हैं जिसमें कुल 583 कोटे की दुकान से वितरण हो रहा है। वहीं नगरों में 114 और देहात में 469 ई पास मशीन सक्रिय हो गई हैं। नमक समेत अन्य खाद्य पदार्थों के आने में देरी हो रही है। आपूर्तिकर्ताओं का दावा है कि जल्द ही खेप जिले में आ जाएगी। गेहूं चावल के साथ चना, नमक और रिफाइंड तेल का वितरण एक साथ आवश्यक है। कुल 52,740 कार्डधारकों को राशन दिया जा चुका है।