रामपुर। दो पासपोर्ट मामले में सजा काट रहे सपा नेता आजम खां के बेटे अब्दुल्ला आजम की अपील पर बचाव पक्ष की बहस पूरी हो गई। अब अभियोजन की ओर से बहस होगी। इस मामले की सुनवाई के लिए एक मई की तारीख तय की गई है।
सपा नेता अब्दुल्ला आजम के दो पासपोर्ट मामले में मजिस्ट्रेट कोर्ट ने पिछले दिनों अब्दुल्ला आजम को सात साल की कैद व 50 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। इससे पहले अब्दुल्ला आजम को दो पैन कार्ड मामले में उनके पिता आजम खां के साथ सात-सात साल की सजा सुनाई गई थी। पैन कार्ड मामले में उनकी अपील खारिज हो चुकी है, जबकि पासपोर्ट मामले में बचाव पक्ष की ओर से एमपी-एमएलए सेशन कोर्ट में अपील पर सुनवाई चल रही है।
अभियोजन की ओर से भी इन दोनों मामलों में सजा बढ़ाए जाने के लिए भी अपील दायर की गई है। बुधवार को पासपोर्ट के मामले में सुनवाई हुई। एडीजीसी सीमा राणा के अनुसार बचाव पक्ष की ओर से बुधवार को बहस की गई। बचाव पक्ष की बहस पूरी हो गई। अब अभियोजन की ओर से बहस होगी। इसके लिए कोर्ट ने सुनवाई के लिए एक मई की तारीख तय की है।