गजरौला (अमरोहा)। हिंदू सम्मेलन में हिंदू समन्वय समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश चव्हाण ने कहा कि देश में हिंदुओं की जनसंख्या लगातार घटती जा रही है। देश के नौ राज्यों व एक हजार नगरों में हिंदू समुदाय अल्पसंख्यक हो गया है। यह चिंता का विषय है। उन्होंने हिंदुओं से जनसंख्या बढ़ाने के धर्म की रक्षा के लिए बलिदान देने व बलिदान लेने की शपथ दिलाई व संकल्प भी कराया।
मंगलवार को एमडीए कॉलोनी के उत्सव पार्क में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत में छात्राओं ने सरस्वती वंदना व स्वागत गीत प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि सुरेश चव्हाण ने कहा कि सरकार होने के बाद भी बंगाल व कश्मीर से हिंदू भगाए गए और सब कुछ सरकार नहीं करती है। हमें भी अपनी सुरक्षा के लिए तैयार रहना होगा।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक शरद कुमार ने संघ की सौ वर्षों की यात्रा के बारे में विस्तार से बताया। पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी अपनाने, कुटुंब प्रबोधन, नागरिक कर्तव्य व सामाजिक समरसता का पाठ पढाया। महामंडलेश्वर मनोज हर दास महाराज ने हिंदुत्व का इतिहास बताते हुए कहा कि हिंदू के मजबूत होने से ही भारत देश विकसित होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नेमपाल सिंह ने जातिवाद मिटाने का आह्वान किया। इस मौके पर जिला संघचालक रणवीर सिंह, जिला प्रचारक योगेंद्र सिंह, कुलदीप सिंह, कमल कुमार, पुसविंदर सिंह, जगदीप सिंह, पूर्व सांसद देवेंद्र नागपाल, पूर्व विधायक हरपाल सिंह, प्रदीप कुमार, अमरेंद्र सिंह, अनुपम सिंघल, जोगेंद्र सिंह, विपिन पंघाल, निहार त्यागी, सचिन त्यागी आदि मौजूद रहे। संवाद