जोया (अमरोहा)। सामान लेने पाकबड़ा जा रहे बाइक सवार सैटरिंग कारोबारी की सड़क हादसे में मौत हो गई जबकि उनका साथी घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बगैर पुलिस कार्रवाई के शव को सुपुर्दे-ए-खाक कर दिया है।
डिडौली के जोया कस्बा के मोहल्ला जामा मस्जिद में मोहम्मद शकील का परिवार रहता है। उनके बेटे हाजी बब्बी उर्फ बब्बू सैटरिंग कारोबारी थे। परिजनों के मुताबिक सोमवार की दोपहर बाद वह अपने साथी पवन कुमार निवासी मंसूरपुर थाना असमोली के साथ बाइक पर सवार होकर सामान खरीदने पाकबड़ा जा रहे थे। अभी उनकी बाइक डिडौली क्षेत्र में हाईवे स्थित ढकिया चमन गांव के पास पहुंची थी, तभी पीछे से अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में हाजी बब्बी उर्फ बब्बू की मौके पर मौत हो गई जबकि पवन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुुंच गई। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।