थाना क्षेत्र के गांव सिहाली गौसाई में गुरुवार को कच्ची शराब से छोटे भाई की मौत हो गई थी, जिसके सदमे में बड़े भाई की जान चली गई। जबकि गांव में कच्ची शराब पीने से ही दोनों भाइयों की मौत की चर्चा आम है।
वहीं कच्ची शराब पीने से बीमार एक ग्रामीण नगर के निजी नर्सिंग होम में इलाज चल रहा है। दो सगे भाइयों की मौत से पुलिस महकमे में खलबली मची हुई हुआ है। पुलिस अधीक्षक ने शुक्रवार को निजी नर्सिंग होम पहुंच कर पीड़ित ग्रामीण के परिवार से घटना के बाबत जानकारी ली और चिकित्सक से भी पूछताछ की है।
बता दें कि बृहस्पतिवार को थाना क्षेत्र के गांव सिहाली गौसाई में सुबह करीब साढ़े आठ बजे गांव के ही नरेंद्र सिंह (32) पुत्र रामकुंवर ने गांव के ही हरि सिंह के साथ गांव में ही खरीद कर कच्ची शराब पी थी। दोनों की हालत बिगड़ी तो परिजन नगर के धनौरा रोड स्थित आनंद नर्सिंग होम ले आए। जहां चिकित्सक ने नरेंद्र सिंह की हालत गंभीर होने पर मेरठ रेफर कर दिया।
मेरठ ले जाते समय रास्ते में ही नरेंद्र ने देर शाम करीब साढ़े छह बजे दम तोड़ दिया। वहीं साढ़े आठ बजे जब नरेंद्र का शव गांव पहुंचा तो उसी समय नरेंद्र के बड़े भाई देवेंद्र सिंह (45) की हालत बिगड़ गई। परिजन देवेंद्र सिंह को निजी नर्सिंग होम ले गए। तब तक देवेंद्र ने भी दम तोड़ दिया।
परिजन देवेंद्र सिंह की मौत को भाई के सदमे का कारण बता रहे हैं। परिजनों का कहना है कि जब नरेंद्र का शव गांव पहुंचा तो देवेंद्र सिंह को अटैक पड़ गया। जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं ग्रामीणों में चर्चा है कि देवेंद्र की भी कच्ची शराब पीने से मौत हुई है।
शुक्रवार की दोपहर पुलिस अधीक्षक शिवा शिम्पी चनप्पा आनंद नर्सिंग होम में हरि सिंह का हाल चाल लेने पहुंचे। हरि सिंह की पत्नी नन्हीं से बातचीत की। इतना ही नहीं चिकित्सक गुलाम मुस्तफा से भी पूछताछ की।
...तो फिर कहां बनाई जा रही कच्ची शराब
गजरौला। गांव सिहाली गौसाई में कच्ची शराब से मौत के बाद पुलिस अभी तक ये पता नहीं लगा सकी है कि गांव में शराब कहां बनायी गई थी। परिजनों समेत ग्रामीणों का कहना है कि नरेंद्र गांव से ही शराब लेकर आया था। दबी जवान से ग्रामीणों ने बताया कि गांव में ही कई घरों में कच्ची शराब बनायी जा रही है। दो सगे भाइयों की मौत के बाद भी पुलिस की छानबीन नतीजे तक नहीं पहुंच सकी है।
एक साथ उठीं भाइयों की अर्थी, गांव में छाया मातम
गजरौला। गांव सिहाली गोसाईं में शुक्रवार की सुबह दो सगे भाई नरेंद्र सिंह और देवेंद्र सिंह की अर्थी उठी तो कोहराम मच गया। गांव में मातम सा छा गया। वहीं सुबह से ही दोनों घरों पर ग्रामीणों और रिश्तेदारों का तांता लग गया। दोनों भाइयों की अर्थी एक साथ उठीं तो चीख पुकार मच गई। परिजनों को बिलखता देख ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं। इतना ही नहीं एक ही परिवार के दो सगे भाइयों की मौत से कई घरों में चूल्हे भी नहीं जले।
मामला संज्ञान आते ही जानकारी ली गई है, कच्ची शराब से मौत ये गंभीर मामला है, गांव सिहाली गौसाईं में कच्ची शराब बन रही है, अभी कोई ठोस सबूत नहीं मिला है, इसके अलावा जहां भी कच्ची शराब का कारोबार हो रहा है, इसकी धड़पकड़ के लिए गुप्त रूप से टीमें लगा कर जांच पड़ताल कराई जाएगी, मामला पकड़ में आने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शिवा शिम्पी चनप्पा, एसपी, अमरोहा।