रहरा (अमरोहा)। गांव पथरा मुस्तकम में शनिवार सुबह एक युवक का शव घर में ही फंदे से लटका मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। युवक की पत्नी एक साल से मायके में है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
थाना क्षेत्र के गांव पथरा मुस्तकम निवासी थान सिंह (24) का पिछले एक साल से पत्नी से मनमुटाव चल रहा है, जिसके चलते पत्नी एक साल के मासूम बेटे के साथ अपने मायके ओगपुरा में रह रही है। इस मामले में शुक्रवार को ओगपुरा में दोनों पक्षों के बीच एक पंचायत भी हुई थी, जिसमें दोनों पक्षों में समझौता कराने का प्रयास हुआ था, लेकिन समझौता नहीं हो पाया। इससे भी थान सिंह परेशान था। शनिवार की सुबह थान सिंह का शव घर में ही फंदे से लटका मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई। फोरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर जांच की। थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश प्रधान का कहना है कि शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी।