रजबपुर। मुंबई से कतरन लदी डीसीएम लेकर अमरोहा आ रहे अतरासी निवासी चालक आसिफ (35) की राजस्थान में सड़क हादसे में मौत हो गई। डीसीएम मलिक का बेटा सलमान और पाकबड़ा निवासी चालक घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही आसिफ के परिजन राजस्थान के लिए रवाना हो गए। पोस्टमार्टम कराने के बाद देर रात शव को घर ले आए। मंगलवार को शव सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
मृतक आसिफ रजबपुर थानाक्षेत्र के अतरासी कलां गांव के रहने वाले शाहिद के बेटे थे। आसिफ के परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटी हैं। परिजनों के मुताबिक आसिफ गांव के ही रहने वाले कलवा की डीसीएम पर चालक थे। साथ ही पाकबड़ा का रहने वाला एक युवक भी चालक था। आसिफ और डीसीएम मालिक कलवा के बेटे सलमान महाराष्ट्र से कतरन लादकर अमरोहा आ रहे थे। इस दौरान पाकबड़ा का रहने वाला युवक डीसीएम चला रहा था। सोमवार की सुबह जैसे ही डीसीएम राजस्थान के अलवर के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे किसी वाहन से टक्कर हो गई। हादसे में आसिफ की मौके पर मौत हो गई। जबकि सलमान और पाकबड़ा का रहने वाला चालक घायल हो गए। मौके पर पहुंची राजस्थान पुलिस ने जांच पड़ताल की और हादसे की जानकारी आसिफ के परिजनों को दी। सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान के साथ आसिफ के परिजन राजस्थान के लिए रवाना हो गए। पोस्टमार्टम कराने के बाद सोमवार की देर रात परिजन आसिफ के शव को घर ले आए थे। सलमान की हालत गंभीर बनी हुई हैं। वहीं, पाकबड़ा के रहने वाले चालक प्राथमिक उपचार के बाद अपने घर लौट आए हैं।