सैदनगली। शादी के लिए रिश्ता मर्जी के खिलाफ तय होने से नाराज बीए की छात्रा ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बिना किसी कानूनी कार्रवाई के ही अंतिम संस्कार कर दिया गया।
सैदनगली थाना क्षेत्र एक गांव में बीए प्रथम वर्ष की छात्रा (18) का दो दिन पहले ही परिवार के लोगों ने शादी के लिए रिश्ता तय किया था। बताते हैं कि छात्र इस रिश्ते से खुशी नहीं थी। वह अपनी शादी कहीं दूसरी जगह कराना चाहती थी। नाराज छात्रा ने रविवार की रात को घर के पास बनी एक दुकान में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सोमवार की सुबह परिजनों ने छात्रा के शव को फंदे पर लटका देखा तो उनके होश उड़ गए। किसी ग्रामीण ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई। बाद में परिजनों ने किसी भी कार्रवाई से इन्कार कर दिया। मृतका पांच बहन भाइयों में तीसरे नंबर की थी। सैदनगली थानाध्यक्ष विकास सहरावत ने बताया कि शव का पंचनामा भरा गया था, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं हुई है।