अमरोहा। स्पोर्ट्स स्टेडियम मालीखेड़ा में आयोजित तीन दिवसीय प्रदेश स्तरीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया। शनिवार को खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में वाराणसी की खिलाड़ियों ने आजमगढ़ मंडल की टीम को 35-25 के अंतर से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। आजमगढ़ की टीम को उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा।
प्रतियोगिता के अंतिम दिन सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले गए। पहले सेमीफाइनल में आजमगढ़ और लखनऊ की टीमें आमने-सामने आईं। इसमें आजमगढ़ की खिलाड़ियों ने दमदार खेल दिखाते हुए लखनऊ को 36-18 से करारी शिकस्त दी और फाइनल में जगह बनाई। वहीं दूसरे सेमीफाइनल में वाराणसी और मुरादाबाद के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। इसमें वाराणसी की टीम ने अंतिम समय तक बढ़त बनाए रखते हुए मुरादाबाद को 31-28 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
इसके बाद खिताबी मुकाबले में वाराणसी और आजमगढ़ की टीमें भिड़ीं। वाराणसी की खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल, आक्रामक खेल और मजबूत रक्षापंक्ति के दम पर शुरुआत से ही मुकाबले पर पकड़ बनाए रखी। आखिरकार 35-25 से जीत दर्ज कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
समापन समारोह की मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष शशि जैन ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर फाइनल मुकाबले का शुभारंभ किया। विशिष्ट अतिथि भाजपा जिला उपाध्यक्ष हिमांशु त्यागी रहे। जिला क्रीड़ा अधिकारी देशकांत त्यागी ने अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथि ने विजेता वाराणसी और उपविजेता आजमगढ़ की टीमों को ट्रैक सूट देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. संजीव कुमार चौहान ने किया। इस दौरान निर्णायक मंडल के सदस्य, टीम प्रबंधक, प्रशिक्षक और खिलाड़ी मौजूद रहे। अंत में जिला क्रीड़ा अधिकारी ने सभी का आभार जताया।