डिडौली(अमरोहा)। हाईवे स्थित चौधरपुर के पास शुक्रवार रात एक तेज रफ्तार स्कार्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित दुकान में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पलट गई और उसमें आग लग गई। अचानक हुए हादसे और आग की लपटें देखकर आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। हादसे में कार सवार दो लोग घायल हो गए, जबकि दुकान को भी काफी नुकसान पहुंचा। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल टीम ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि दिल्ली के सोनिया विहार निवासी अनुभव मिश्रा शुक्रवार को स्कार्पियो बुक कराकर मुरादाबाद में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। कार चौधरपुर गांव में एक निजी अस्पताल से कुछ आगे पहुंची थी। इसी दौरान अचानक चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा। बेकाबू कार सड़क की दूसरी तरफ पलटते हुए दुकान में जा घुसी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार के दुकान से टकराते ही उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। आसपास के लोगों ने घायलों को बाहर निकालने में मदद की और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। दमकल कर्मियों ने आग बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। हादसे में कार सवार आदर्श (31) और लक्की (15) घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे में कोई जनहानि नहीं है।