अमरोहा। सूबे में डेल्टा प्लस वेरिएंट का खतरा बढ़ गया है। केस मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी अलर्ट मोड पर है। इस वेरिएंट को तीसरी लहर का संकेत भी माना जा रहा है। लेकिन कोरोना संक्रमण की रफ्तार थमते ही लोगों ने लापरवाही बरतनी शुरू कर दी है। सोशल डिस्टेंसिंग पूरी तरह धड़ाम हो गई है, लोग मास्क लगाना भूल गए है। यदि ये हालात रहे तो हालात बिगड़ने से कोई नहीं बचा सकता है। सचेत रहें, नए वैरिएंट के मामूली लक्षण दिखें तो तुरंत जांच कराएं। अस्पताल की राह पकड़ें।
कोरोना संक्रमण की पहली-दूसरी लहर का लोगों ने जैसे-तैसे सामना किया। लेकिन अब तीसरी लहर और डेल्टा प्लस वेरिएंट सबसे ज्यादा खतरनाक है। अब ऐसे हालत में लोगों को लापरवाही छोड़नी पड़ेगी। क्योंकि स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। अब लोगों को सतर्क हो जाना चाहिए। इस वायरस से भी बचाव दो उपाय है, एक मास्क और दूसरा शारीरिक दूरी। जिले में लापरवाही चरम पर पहुंच गई है। कोई मास्क नहीं लगा रहा है तो कोई मास्क को गर्दन में लगाकर घूम रहा है। शारीरिक दूरी का पालन तो कोई कर ही नहीं रहा है। दुकान हो या फल-सब्जी वालों का ठेला या फिर फुटपाथों पर लगने वाली चाट-पकौड़ी की दुकान सभी जगह अब लापरवाही बरती जा रही है। अब लोग इतने लापरवाह हो गए हैं कि वायरस का डर नहीं रहा है। माहौल ऐसा है इसमें सबसे ज्यादा सावधानियां बरतने की जरूरत है, क्योंकि सूबे में डोल्टा प्लस वेरिएंट का खतरा पैदा हो गया है।
सावधानियां से ही कोरोना को हराया जा सकता है। इसमें चाहे डेल्टा वेरिएंट ही क्यों न हो, जो गाइडलाइन जारी की गई उसका पालन करें। डॉ सौभाग्य प्रकाश, सीएमओ अमरोहा
1697 ने लगवाया कोरोना बचाव का टीका
अमरोहा। वैक्सीन की कमी के चलते शनिवार को जनपद के केवल नौ बूथों पर टीकाकरण कराया गया। इस दौरान कुल 1697 लोगों ने कोरोना बचाव का टीका लगवाया। वैक्सीन का टोटा है, आज वैक्सीन आने की उम्मीद है, वरना टीकाकरण रुक सकता है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ सौभाग्य प्रकाश ने बताया कि शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गजरौला, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धनौरा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हसनपुर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रहरा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांवा सादात, मुन्नी देवी हॉस्पिटल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमरोहा और जिला अस्पताल में सहित नौ बूथों पर टीकाकरण कराया गया है। वैकसीन की कमी के चलते लक्ष्य निर्धारित नहीं किया गया था। बावजूद इसके 1697 लोगों ने टीका लगवाया है। रविवार को वैक्सीन आने की संभावना है।