अमरोहा जिले के प्रभारी मंत्री संजय सिंह गंगवार के डग्गामार बस पकड़ी जाने और उसके बाद एआरटीओ द्वारा हाईवे पर दौड़ रहीं 12 डग्गामार बसों के खिलाफ कार्रवाई के बाद भी उनका संचालन थमने का नाम नहीं ले रहा।
मंगलवार की रात दो बजे सीओ ऑफिस के सामने डग्गामार बस आगे चल रही डीसीएम में घुस जाने से उसमें सवार 17 यात्री घायल हो गए। घायलों में 14 यात्री निजी अस्पताल में जबकि तीन को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस दौरान जाम के हालात बन गए। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लिया।
मंगलवार की रात दो बजे डग्गामार बस हल्द्वानी से दिल्ली की तरफ जा रही थी। उसके आगे डीसीएम चल रही थी। डीसीएम बरेली से गुजरात जा रही थी। डीसीएम सीओ ऑफिस के सामने पहुंची थी। बताया जा रहा है कि इस बीच डग्गामार बस के चालक ने तेजी एवं लापरवाही से चलाई। जिससे बस आगे चल रही डीसीएम में घुस गई। जिससे बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें सवार 17 यात्री घायल हो गए। घायलों की चीख पुकार मचने और राहगीरों की सूचना पाकर पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। बस में सवार घायलों को बाहर निकाला। एंबुलेंस बुलाकर 14 घायलों को निकट के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि तीन घायल सीएचसी में भर्ती कराए गए। हादसे के कारण हाईवे पर जाम के हालात बन गए। पुलिस ने क्रेन मंगाकर हादसा ग्रस्त वाहनों को हटवाया। पुलिस ने बताया कि रात दो बजे हादसे की जानकारी मिली है। घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया था। अभी इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है।
हादसे में यह लोग हुए घायल
डीसीएम में डग्गामार बस घुस जाने से बस में सवार राजाराम निवासी कौरारा बदायूं उसकी पत्नी जगवती, रजनी पत्नी धर्मेश निवासी करनपुर बदायूं, विकास निवासी कौरारा बदायूं, अमित, सुखवीर, ज्योति पत्नी हेम सिंह, अजय, सुनीता पत्नी कल्लू, आयुष, शिवानी पुत्री अतर सिंह, पप्पू व उसकी पत्नी चरणदेवी निवासी बिसैनपुर बरेली, बाबू अशरफ निवासी बहेड़ी बरेली व संभल के शाहपुर सिरपुड़ा निवासी गौहर अब्बास घायल हो गए।