तिगरी धाम (अमरोहा)। गंगा मेले का विधिवत श्रीगणेश शनिवार को होगा। गंगा की जलधारा में दुग्धाभिषेक व तट पर हवन में आहुतियां देकर मेले की शुरुआत की जाएगी। गंगा मैया से मेला सकुशल संपन्न होने की कामना की जाएगी। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा। कवियों की रचना के अलावा हरियाणवी व बॉलीवुड कलाकार भी अपनी प्रस्तुति देंगे।
तिगरी मेले में आस्था है। उमंग है और उल्लास है। यहां संस्कृति के विभिन्न रंगों का संगम है। पारंपरिकता है तो आधुनिकता की बहार भी है। यहां गरीबी, अमीरी जात-पात से दूर सभी एक ही उद्देश्य से आए हैं। मेले में कहीं ढोल की थाप लोग झूम रहे हैं तो कहीं जादूगर अपने हुनर से सभी को अचंभित कर रहे हैं। मौत के कुएं में करतब दिखा रहे कलाकार हैं तो पिकनिक का पूरा माहौल है। यह गंगा स्नान कर भजन कीर्तन कर रहे कल्पवासियों का मेला भी है।
तिगरी मेले का विधिवत श्रीगणेश शनिवार को गंगा की जलधारा में दुग्धाभिषेक और हवन में आहुतियां देकर किया जाएगा। मेले में कई दिन से आस्था का समुद्र उमड़ रहा है। हिंडोले व झूलों पर लगी रंग-बिरंगी रोशनी अलग ही सुंदर छटा बिखेर रही है। देवोत्थान एकादशी पर शाम चार बजे कार्तिक पूर्णिमा मेले की विधिवत शुरुआत की जाएगी। मेला पांच नवंबर तक चलेगा। इसके लिए गंगा किनारे खास इंतजाम किए जा रहे हैं।
भव्य वेदी में हवन कर इसमें आहुतियां प्रदान कर गंगा मैया से मेले को सकुशल संपन्न कराने की आराधना की जाएगी। इसके बाद पतित पावनी गंगा में दुग्धाभिषेक किया जाएगा। मेला प्रभारी एडीएम वित्त एवं राजस्व गरिमा सिंह ने बताया कि मेला पूजन के लिए प्रभारी मंत्री केपी मलिक, सांसद कुंवर सिंह तंवर, कमिश्नर आंजनेय कुमार सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष ललित तंवर, एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त, सत्यपाल सिंह, डॉ. हरि सिंह ढिल्लो, विधायक राजीव तरारा, महेंद्र सिंह खड़गवंशी, भाजपा जिलाध्यक्ष उदयगिरी गोस्वामी व अन्य जनप्रतिनिधियों को निमंत्रण भेजा गया है। उधर, शुक्रवार की शाम तक मेले में 15 लाख से ज्यादा श्रद्धालु पहुंच चुके हैं।
निमंत्रण में नहीं सपा विधायकों के नाम
तिगरी मेले की शुरुआत के लिए जिला प्रशासन की ओर से जारी किए गए निमंत्रण पत्र में भाजपा विधायक व अन्य जनप्रतिनिधियों के नाम तो हैं लेकिन नौगांवा सादात सीट से सपा विधायक समरपाल सिंह और अमरोहा विधानसभा सीट से विधायक महबूब अली का नाम नहीं है। इसको लेकर जिले के लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
आज से हरियाणवी व बॉलीवुड कलाकार देंगे प्रस्तुति
तिगरी धाम। मेले को भव्य और यादगार बनाने के लिए प्रशासन की ओर से पूरी तैयारी की गई है। मेला स्थल पर शनिवार से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन शुरू हो जाएगा। इसकी शुरुआत के पहले दिन गंगा पूजन व महाआरती की जाएगी होगी। इसके बाद धनौरा के ब्लू बर्ड्स स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। नृत्यांजलि फाउंडेशन लखनऊ द्वारा रामलीला मंचन व फोक डांस की प्रस्तुति दी जाएगी। दो नवंबर को वृंदावन के वांसुरी ग्रुप द्वारा कृष्णा नृत्य वाटिका, टीवी कलाकार राजन श्रीवास्तव द्वारा कॉमेडी शो का आयोजन होगा। जादूगर जुगनू का मैजिक शो भी देखने को मिलेगा। तीन नवंबर को रागिनी कलाकर व हरियाणवी डांस ग्रुप की रुचिका जांगिड़ का डांस शो आयोजित होगा। बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर आकांक्षा शर्मा की प्रस्तुति भी देखने को मिलेगी। चार नवंबर को अमेरिका गॉट टैलेंट शो के श्रेय खन्ना का डांस शो व बाॅलीवुड सिंगर निष्ठा शर्मा का म्यूजिकल इवेंट आयोजित होगा। संवाद
काशी की तर्ज पर होगी गंगा महाआरती
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के संयोजक व अमरोहा नगर पालिका के ईओ डॉ. ब्रजेश कुमार ने बताया कि मेले में हर रोज सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। साथ ही काशी की तर्ज पर रोज शाम को गंगा महाआरती आकर्षण का केंद्र रहेगी। उन्होंने बताया कि दोपहर के समय स्कूली बच्चों द्वारा कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके बाद शाम को कलाकारों द्वारा कार्यक्रमों की प्रस्तुति होगी।