कोतवाली क्षेत्र के गांव कूडी विरान के निकट बाग में मंगलवार को आम के पेड़ पर युवक की लाश मिली थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई है। वहीं लापता युवक की गुमशुदगी दर्ज होने की वजह से थाना सैदनगली पुलिस ने मृतक के भाई की ओर से प्रेमिका और उसके दो भाइयों के खिलाफ हत्या और लाश छिपाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू की।
हसनपुर थाना क्षेत्र के गांव कूडी विरान निवासी हकमत उल्ला पुत्र अमानतुल्लाह के गांव के पास ही स्थित आम के बाग में मंगलवार को एक युवक की लाश फंदे से लटकी मिली थी। घटनास्थल पहुंची पुलिस ने युवक की शिनाख्त शव के पास पड़े उसके बैग में रखे ड्राइविंग लाइसेंस से शाहरुख (25) पुत्र नफीस निवासी उझारी थाना सैदनगली के रूप में की थी।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया था। पुलिस की छानबीन में मामला प्रेम प्रसंग का सामने आया। शाहरूख 26 नवंबर से लापता चल रहा था। परिजनों ने थाना सैदनगली में गुमशुदगी भी दर्ज करा दी थी। जिससे मामला थाना सैदनगली को स्थानांतरित कर दिया गया। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर प्रेमिका और उसके दो भाइयों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
थानाध्यक्ष सैदनगली ज्ञान सिंह पवार ने बताया कि लड़की और उसके दो भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच पड़ताल जारी है। अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।