अमर उजाला ब्यूरो
झज्जर।
गांव धौड़ के पास एक कंटेनर चालक से ऑल्टो कार में सवार होकर आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने रिवॉल्वर दिखाकर साढे़ 56 हजार रुपये लूट लिए। पुलिस ने मलेरकोटला निवासी कंटेनर चालक चमकौर की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार हनी फीड कंपनी पशु आहार की सप्लाई करती है। बुधवार सुबह कंपनी की गाड़ी झज्जर में माल सप्लाई करने आई थी। डिलीवरी देने के बाद जब गाड़ी वापस पंजाब के लिए करीब सात बजे रवाना हुई तो धौड़ गांव के पास बिना नंबर प्लेट की ऑल्टो कार ने ओवरटेक करके कंटेनर को रुकवा लिया। गाड़ी आगे अड़ाने के बाद तीन नकाबपोश बदमाशों कंटेनर के पास, जिनमें से एक के हाथ में रिवॉल्वर था। पीड़ित के अनुसार बदमाशों ने उसे गाड़ी से उतारकर रिवॉल्वर तान पैसे देने को कहा। जिस पर उसने अपनी जेब से साढे़ 56 हजार रुपये निकालकर बदमाशों को दे दिए। इसके बाद एक अन्य ट्रक को आता देखकर बदमाश बेरी की तरफ फरार हो गए।
दूसरा ट्रक आने से बच गए 65 हजार
गाड़ी चालक चमकौर के अनुसार जींद के डीलर से मिली करीब 65 हजार रुपये की पेमेंट को उसने सीट की जेब में डाल रखी थी। जो पेमेंट दूसरा ट्रक आता देखकर बदमाशों के भागने से बच गई। अगर दूसरा ट्रक नहीं आता तो बदमाश उससे वो रुपये भी लूटकर ले जा सकते थे।
वर्जन
गाड़ी चालक चमकौर की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
- योमेश, चौकी प्रभारी, दुजाना।