आदमपुर थानाक्षेत्र के गांव हैदलपुर में रविवार की रात एक युवक की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक ने हत्यारोपियों के साथ बैठकर कुछ घंटे पहले की शराब पी थी। पुलिस ने चारों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। युवक ने गांव के व्यक्ति के साले से भाभी का हाल पूछ लिया था। जो नागवार गुजरा। युवक के चाचा की तहरीर पर चारों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आदमपुर थानाक्षेत्र के हैदलपुर गांव निवासी अमित (20) रविवार को दिन में गांव के निवासी फिरे, उसके साले राहुल और उसके दोस्त राकेश निवासी कमालपुरी बहजोई, रवि निवासी नियावली रुस्तमपुर थाना असमोली के साथ था। आरोप है कि सभी ने पहले पथरा गांव में देसी शराब पी। बाद में हैदलपुर में भी शराब पी। इसके बाद सभी गांव के पश्चिम में स्थित फिरे के घर पहुंचे। जहां अमित ने राहुल से पूछा कि भाभी कैसी हैं? ये बात राहुल को बुरी लग गई। जिसे लेकर दोनों के बीच नोकझोंक हो गई। बाद में अमित अपने घर चला गया। जबकि चारों वहीं रुक गए। आपस में इस बात को लेकर खूब चर्चा की।
इसके बाद रात किसी समय चारो गांव के पूरब में स्थित अमित के घर पहुंच गए और घर में घुस गए। इस बीच किसी ने तमंचे से अमित पर फायर झोंक दिया। गोली अमित के सीने में लगी। घटना को अंजाम देने के बाद चारों वहां से भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस अमित को लेकर रेहरा सीएचसी पहुंची। जहां डाक्टर ने अमित को मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलने पर अमित के परिवार में कोहराम मच गया। वहीं रात में पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया । पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सोमवार को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रेहरा चौकी इंचार्ज किरन पाल सिंह ने बताया कि अमित चाचा तेजेंद्र की तहरीर पर चारों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।