हसनपुर कोतवाली पुलिस ने खादर क्षेत्र में चल रही शस्त्र की अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने मौके से 13 तमंचे, ड्रिल मशीन, नाल, पंखा हवा करने का मय भट्ठी समेत उपकरण बरामद किए हैं। दोनों के खिलाफ गजरौला व हसनपुर में हत्या,शस्त्र अधिनियम, हरिजन एक्ट समेत 13 मामले दर्ज हैं। अवैध शस्त्र बनाने के आरोप में कई बार जेल जा चुके हैं। बुधवार को एसपी ने घटना का खुलासा करते हुए टीम का मनोबल बढ़ाते हुए पांच हजार के पुरस्कार की घोषणा की।
हसनपुर कोतवाल अनिल समानिया को मंगलवार मुखबिर ने सूचना दी कि भीमा ठीकरी के जंगल में अवैध शस्त्र बनाने की फैक्ट्री चल रही है। यहां पर आरोपी बड़े पैमाने पर अवैध शस्त्र बना रहे हैं। इस पर इंस्पेेक्टर ने कोतवाली पुलिस को साथ लेकर मुखबिर के बताए स्थान पर छापा मारा। जंगल में शस्त्र बनाने में आरोपी पुलिस को देख भागने लगे, मगर पीछा कर पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया।
मौके से पुलिस ने बने हुए तमंचे, नाल,प्लास, वांक, मोमबत्ती समेत भारी उपकरण बरामद किए। गिरफ्तार किए गए आरोपी गजरौला थाना क्षेत्र के सादुल्लापुर गांव निवासी इंद्रपाल तथा हसनपुर कोतवाली के अल्लीपुर खादर गांव निवासी मनोज कुमार हैं। बुधवार दोपहर बाद पुलिस अधीक्षक डा.शिवा शिंपी चनप्पा ने अपने एसपी सभागार में घटना का खुलासा किया।