अमरोहा के रजबपुर में पुरानी रंजिश के चलते अलग-अलग समुदाय के दो पक्षों में मारपीट हो गई और जमकर लाठी-डंडे चले। दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की गई। एकाएक दस राउंड फायरिंग से ग्रामीणों में डर का माहौल है।
इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बिगड़ते हालात संभाला। गांव में सांप्रदायिक तनाव के चलते फोर्स तैनात कर दिया गया है। वहीं एक पक्ष की तरफ से चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
यह घटना रजबपुर थानाक्षेत्र के महेशरा गांव की है। यहां पर रजा हुसैन और महिपाल सिंह के परिवार रहते हैं। दोनों परिवारों के बीच पुरानी रंजिश चल रही है। आरोप है कि गुरुवार की दोपहर रजा हुसैन का बेटा सुहेल बारबर की दुकान पर दाढ़ी कटाने के लिए गया था।
आरोप है कि तभी महिपाल सिंह के बेटे विनय, उसके साथी रोबिन, दीपू, धीरज उर्फ लाला ने सुहेल के साथ मारपीट की। घटना के बाद दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। जमकर लाठी-डंडे चले। इस दौरान ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग की गई। फायरिंग से ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और बिगड़ते हालात संभाले। बताते हैं कि पुलिस ने सड़कों पर पड़े कारतूस के खोल कब्जे में ले लिए हैं। घटना के बाद गांव में सांप्रदायिक तनाव की स्थिति बन गई। सुरक्षा के लिहाज से गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है। एसओ रमेश सहरावत ने बताया कि घटना में चारों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।