गजरौला। हाईवे पर रिलाइंस पेट्रोल पंप के पास गाड़ी की चपेट में आनेे से बाइक सवार बेटी की मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। गाड़ी चालक दोनों को अस्पताल लेकर पहुंचा। युवती की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया साथ ही आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया।
थाना रजबपुर क्षेत्र के गांव जलालपुर निवासी देवेंद्र सिंह 55 वर्ष हाईवे पर स्थित कृष्णा इंटर कॉलेज के प्रबंधक है। रविवार को देवेंद्र सिंह अपनी बेटी प्रतिभा 26 वर्ष के साथ बाइक से गांव की ओर जा रहे थे। हाईवे पर रिलाइंस पेट्रोल पंप से थोड़ा आगे गांव जलालपुर के पास उनकी बाइक पीछे से तेज गति में आ रही गाड़ी की चपेट में आ गई । हादसे में पिता और पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए जबकि गाड़ी सवार सभी सकुशल बच गए। गाड़ी चालक ने साथियो की मदद से घायल पिता-पुत्री को गाड़ी में बैठाया और सीएचसी गजरौला लेकर पहुंचा। वहां चिकित्सकों ने प्रतिभा को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल देवेंद्र सिंह का उपचार चल रहा है। उसके बाद चालक स्वयं गाड़ी लेकर थाने पहुंच गया। पुलिस ने आरोपी चालक को गाड़ी सहित हिरासत में लिया। मृतक युवती का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हाल ही में शिक्षक के पद पर हुआ था चयन
मृतक प्रतिभा यादव का वर्ष 2018 में बेसिक स्कूल में शिक्षक के पद पर चयन हुआ था। वर्तमान में बदायूं जिले में तैनात थी। युवती की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। घर वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।