गजरौला (अमरोहा)। मेन लाइन पर आ रही रनथ्रू गरीब रथ एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से वेंडर की मौत हो गई। जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है।
गजरौला के मोहल्ला अतरपुरा निवासी अंकुर 23 वर्ष रेलवे स्टेशन पर छोले बेचने का काम करता है। रविवार की दोपहर करीब एक बजे अंकुर घर से रेलवे स्टेशन पैदल जा रहा था। युवक ने ईयरफोन लगा रखा था। रेलवे आवासीय कालोनी के सामने ट्रैक को पार कर रहा था। इस दौरान दिल्ली से मुरादाबाद की ओर जाने के लिए मेन लाइन पर रनथ्रू गरीब रथ एक्सप्रेस ट्रेन आ गई। ईयरफोन लगा होने के कारण ट्रेन का हॉर्न भी सुनाई नहीं दिया और ट्रेन की चपेट में आ गया। इससे अंकुर की मौके पर ही मौत हो गई। शव ट्रेन में फंसकर करीब 150 मीटर तक घिसटता चला गया। शव रेलवे स्टेशन अधीक्षक कक्ष के सामने आकर गिरा। हादसे से स्टेशन पर हड़कंप मच गया। मौके पर भीड़ जमा हो गई। मृतक अंकुर का भाई स्टेशन पर वेंडर है। उसके भाई व अन्य वेंडरों ने उसकी शिनाख्त की तथा परिजनों को सूचना दी। जीआरपी ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।