अमर उजाला ब्यूरो
करनाल। सेक्टर-8 अटल पार्क में पुलिस को सुबह एक अधेड़ का शव मिला, जिसकी गला रेत कर हत्या की हुई थी। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच की और एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए, लेकिन देर रात तक पुलिस आरोपियों को पकड़ने की बजाये मृतक की शनाख्त तक नहीं कर पाई। पुलिस का कहना है कि अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
सिविल लाइन थाना प्रभारी विजय ने बताया कि उन्हें सुबह सूचना मिली थी कि अटल पार्क में एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा हुआ है और उसका गला रेता हुआ है। सूचना मिलते ही वह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां अधेड़ का गला रेता हुआ था, उसके पास एक कंबल, माचिस व तीस रुपये पड़े थे, जिससे यह लगता है कि मृतक मांगकर खाने वाला था। इस लिए मृतक की शनाख्त के लिए निर्मल कुटिया सहित अन्य क्षेत्रों में पूछताछ की गई। इस मामले के लिए पुलिस की सीआईए टीम भी जांच कर रही है।
घबराए हुए हैं सेक्टरवासी
अटल पार्क में शव मिलने की बात शहर में आग की तरह फैल गई। जब लोगों को पता चला की उस व्यक्ति की गला रेतकर हत्या की गई है तो वे घबरा गये, क्योंकि अटल पार्क शहर का सबसे बड़ा पार्क है और यहां सुबह और शाम सैर करने हजारों परिवार आते हैं। इस लिए सेक्टरवासी घबराये हुए हैं।