गजरौला। गाली देने से मना करने पर आरोपी युवक ने महिला को गोली मार दी। गोली हाथ में लगने से महिला घायल हो गई। घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोली चलने से मोहल्ले में हड़कंप मचा है।
नगर के मोहल्ला नवादा निवासी फूलजहां अपने परिवार के साथ रहती है। आरोप है कि सोमवार की सुबह पड़ोस का ही युवक उसे फोन पर गालियां दे रहा था। गालियां देने से मना करने पर आरोपी युवक अपने भाई के साथ उसके घर आ धमका और दरवाजे पर खड़ी फूलजहां के ऊपर फायर झोंक दिया।
गोली फूलजहां के दाएं हाथ की हथेली को छूती हुई निकल गई। गोली की आवाज सुनते ही मोहल्ले में हड़कंप मच गया। परिजन फूलजहां को लहूलुहान हालत में उपचार के लिए सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां उसे भर्ती करा दिया।
फूलजहां का आरोप है कि आरोपी फोन पर अश्लील गालियां दे रहा था। गाली गलौज का विरोध करने पर ही आरोपी ने घटना को अंजाम दिया। उसका छोटा बेटा गोद में था। वह गोली से बाल बाल बच गया। पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है।
----------------------
मोहल्ला नवादा में महिला के गोली लगने से घायल होने की घटना हुई है। आपसी विवाद का मामला है, अभी तक तहरीर नहीं मिली है। उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - रविंद्र सिंह, एसओ गजरौला।