गजरौला। घर के पीछे की दीवार में कूमल लगाकर चोरों ने बीस हजार रुपये की नकदी, जेवर और घरेलू सामान सहित करीब एक लाख रुपये का सामान ले गए। पीड़ित ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
शनिवार की देर शाम गांव नंगलिया मेव निवासी कृपाल सिंह अपने परिवार के साथ आंगन में सोया था। रविवार की सुबह चार बजे कृपाल सिंह उठा तो कमरे का दरवाजा खुला मिला। देखा तो कमरे में सारा सामान बिखरा पड़ा था। पीछे की दीवार में कूमल लगा देख उसके होश उड़ गए। कृपाल के घर के पीछे खेत है। अलमारी का ताला टूटा हुआ था। अलमारी में रखे बीस हजार रुपये नकद, तीन सोने के आभूषण, तीन चांदी के जेवर, एक गैस सिलेंडर और आठ महंगी साड़ियां भी गायब मिली। चोरी की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग भी इकट्ठा हो गए। पीड़ित परिवार ने करीब एख लाख का नुकसान बताया।