अमरोहा। एसपी के निर्देशन में पुलिस ने एआरटीओ ऑफिस पर छापा मारा। जहां बाबू समेत सात दलालों को हिरासत में ले लिया। इनके कब्जे से फर्जी मार्कशीट, डीएल और स्कूलों की मोहर बरामद हुईं। पुलिस ने तीन दिन तक दफ्तर की रेकी कर रही थी। इसके बाद छापा मारकर बड़ा फर्जीवाड़ा पकड़ा है। पुलिस की कार्रवाई से दलालों में भगदड़ मच गई। कई दलाल दुकानों के शटर डालकर भाग खड़े हुए। पुलिस सभी दलालों को देहात थाने ले गई।
शासन के निर्देश पर 17 से 22 जून तक छह दिन सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया गया। चेकिंग के दौरान पुलिस को कई शिकायत मिली थी कि एआरटीओ ऑफिस में फर्जी डीएल बनाने का खेल चल रहा है। एसपी डॉ. विपिन ताडा ने स्वाट टीम और सर्विलांस टीम को लगा दिया। टीम ने तीन दिन तक दलालों की रेकी की। सोमवार को भी टीम ने अपनी कार्रवाई को जारी रखा। एक-एक पुलिस कर्मी दलालों की दुकानों में पहुंच गया। यहां दलालों की हरेक गतिविधि पर नजर रखी। जबकि कुछ पुलिस कर्मियों ने एआरटीओ ऑफिस में मौजूद दलाल और कर्मचारियों की निगाहबानी की। करीब चार बजे एसपी डॉ विपिन ताडा ने भारी पुलिस बल के साथ छापा मार दिया। भारी तादात में पुलिस को देखकर दलालों में अफरातफरी मच गई। एआरटीओ ऑफिस में मौजूद कई दलाल दीवार फांदकर भागने में कामयाब रहे। पुलिस ने घेराबंदी कर एक बाबू समेत सात दलालों को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
फर्जी तरीके से डीएल बनाने की शिकायत मिल रही थी। शिकायतों के आधार पर कार्रवाई की गई। एआरटीओ ऑफिस के एक कर्मचारी समेत सात दलालों को हिरासत में लिया गया है। फिलहाल उनसे पूछताछ की जा रही है।
- डॉ विपिन ताडा, एसपी अमरोहा
ऑफिस के बाहर कौन क्या कर रहा है। इससे हमारा क्या मतलब है। पुलिस बाहर के कुछ लोगों को पकड़कर ले गई है। उनके ऑफिस का कोई कर्मचारी नहीं हैं।
- एके राजूपत, एआरटीओ अमरोहा