गजरौला। सिर में ईंट मारकर मजदूर की हत्या कर दी गई। उसका गुप्तांग भी कुचल दिया। मजदूर का अर्धनग्न शव निर्माणाधीन मकान के पास एक बाउंड्री हुए खाली प्लाट में पड़ा मिलने पर खलबली मच गई। सूचना मिलते ही परिजन पहुंच गए। युवक 24 घंटे पहले घर से लापता था। सीओ ने घटनास्थल पहुंचकर मौका मुआयना किया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बताते हैं कि नगर के मोहल्ला अंबेडकर नगर निवासी वीरेंद्र (30) उर्फ बबलू जाटव मजदूरी करता था। मंगलवार सुबह को वह घर से बिना कुछ बताए निकला था, लेकिन शाम तक भी वापस नहीं पहुंचा। परिजनों ने काफी तलाश किया। जिसका कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार को अहरोला तेजबन रोड पर कांशीराम कालोनी के निकट एक निर्माणाधीन मकान का लिंटर खोलने के लिए कुछ मजदूर पहुंचे थे। यहां उन्होंने पास में पड़े खाली प्लाट में एक शव पड़ा देखा, तो होश उड़ गए। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन भी पहुंच गए। पुलिस के मुताबिक बबलू के सिर में गहरा घाव है, सिर में ईंट मार-मारकर हत्या की गई। गुप्तांग भी बुरी तरह से कुचला हुआ है। सीओ मोनिका यादव भी पहुंच गई और घटना की बारीकी से जांच पड़ताल की। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम को भेज दिया। अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि अहरोला तेजबन रोड पर कांशीराम कालोनी के पास से युवक का शव मिला है। सिर में ईंट मारकर उसकी हत्या की गई है। गुप्तांग भी कुचला हुआ है। शव कब्जे में लेकर पीएम को भेज दिया है। तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पांच वर्ष पूर्व हो चुकी है पत्नी की मौत
गजरौला। नगर के अंबेडकर मोहल्ला निवासी जिस बबलू की बुधवार सुबह को लाश मिली है। परिजनों के मुताबिक उसकी पत्नी पूजा की बीमारी के चलते करीब पांच वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। उसके दो बच्चे हैं। बड़ा बेटा हिमाशूं और बेटी राधिका है। पिता की मौत से परिजनों और बच्चों का रो-रोकर बुराहाल है।