गजरौला(अमरोहा)। चौपला पुलिस चौकी के निकट बाइक पर आए बदमाश ने ई-रिक्शा में घर लौट रही स्टेट बैंक में सहायक प्रबंधक का पर्स छीन लिया। पर्स में नौ हजार की नकदी, दो मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड आदि बताए जा रहे हैं। जानकारी होने पर पुलिस में खलबली मच गई। देर रात तक चौपला और इंदिरा चौक पर चेकिंग अभियान चलाया गया। हालांकि बदमाश का सुराग नहीं लग सका था।
सोमवार की देर शाम यह घटना चौपला चौकी क्षेत्र में रोडवेज बस स्टैंड के निकट हुई। यहां पास ही स्थित एमडीए कॉलोनी में रहने वाली गुंजन कुमारी भारतीय स्टेट बैंक की स्थानीय शाखा में सहायक प्रबंधक के पद पर कार्यरत हैं। बताते हैं कि तीन दिन तक बैंक बंद रहने के कारण काम निपटा कर देर शाम ई-रिक्शा में अपने घर लौट रही थीं। चौपला पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर रोडवेज बस स्टैंड के निकट पीछे से बाइक पर हेलमेट लगाकर आए बदमाश ने झपट्टा मारकर उनका पर्स छीन लिया। इसके बाद बदमाश वहां से भाग निकला। बैंक अधिकारी ने शोर भी मचाया, इससे पहले बदमाश भाग गया। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सरेशाम हुई घटना की जानकारी होने पर पुलिस महकमे में खलबली मच गई। आननफानन में चौपला एवं इंदिरा चौक पर चेकिंग अभियान चलाया गया। अचानक शहर में चले चेकिंग अभियान से लोगों में खलबली रही। वहीं, देर रात तक पुलिस बैंक अधिकारी से छिनैती करने वाले बदमाश की तलाश में जुटी हुई थी।