जोया (अमरोहा)। ससुरालियों ने विवाहिता को दहेज के लिए प्रताड़ित किया। सास ने उसका गर्भपात करा दिया। मारपीट कर विवाहितों को घर से निकाल दिया। इतना ही नहीं पति ने फोन कर विवाहिता को तीन तलाक दे दिया। पीड़िता ने इसकी शिकायत एएसपी से की। उनके निर्देश पर डिडौली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव ढकिया चमन निवासी युवती की शादी तीन साल पहले नीलीखेड़ी निवासी तोला के साथ हुई थी। आरोप के मुताबिक शादी क ेबाद से ही ससुराल में सीमा को दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। उसके साथ मारपीट की गई। कई बार मायके वालों ने समझा-बुझाकर मामला शांत कर दिया। आठ महीने पहले भी पति तोला और सास शमीमा ने विवाहिता का गर्भपात करा दिया था। अब फिर गर्भपात कराने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। विवाहिता ने इसका विरोध किया तो मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। फिलहाल वह मायके में रह रही थी। आरोप के मुताबिक पांच जनवरी की शाम पति तोला ने फोन पर सीमा के साथ गाली-गलौज की और तीन तलाक बोल दिया। पीड़िता ने इसकी शिकायत एएसपी अजय प्रताप सिंह से की। एएसपी ने डिडौली पुलिस को कार्रवाई करने का निर्देश दिए। इंस्पेक्टर शरद मलिक ने बताया कि तहरीर के आधार पर पति तोला के खिलाफ तीन तलाक और सास के खिलाफ गर्भपात के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।