जोया (अमरोहा)। फर्जी दस्तावेज तैयार कर सिंडिकेट बैंक की शाखा से सवा पांच लाख रुपये का ऋण निकालने के मामले में पुलिस ने एक नामजद समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह का पर्दाफाश करने की फिराक में हैं।
डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव श्यौनाली में सिंडिकेट बैंक की शाखा है। यहां तैनात शाखा प्रबंधक आशीष कुमार गौतम ने डिडौली कोतवाली में तहरीर देकर तीन लोगों पर फर्जी दस्तावेजों के जरिये दो बार में सवा पांच लाख रुपये ऋण लेने का आरोप लगाया। कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड पर 23 अक्तूबर 2019 को दो बार पांच लाख 30 हजार रुपये का ऋण लिया था। जमानत के तौर पर दो जमानती को पेश किया गया। दोनों ने अपने पैन कार्ड और आधार कार्ड की छाया प्रति भी लगाई थी, जो फर्जी निकली। बुधवार को डिडौली पुलिस ने तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की। जिसमें एक गिरोह का खुलासा हुआ। पुलिस ने गुरुवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इंस्पेक्टर शरद मलिक ने बताया कि जांच में आईडी फर्जी पाई गई है। इस फर्जीवाड़े में नौगांवा सादात के नई बस्ती स्थित एक जनसेवा संचालक भी शामिल है। जो फर्जी आधार कार्ड और पैन कार्ड तैयार करने का काम करता है। उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी गई थी, लेकिन वह दुकान से गायब था।