गजरौला (अमरोहा)। शादी समारोह में डीजे पर डांस को लेकर हुए विवाद के बाद युवकों में मारपीट हो गई। तीन युवक घायल हो गए। वहीं घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी लाया गया। तहरीर पुलिस को दे दी है। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
मंगलवार को मारपीट की यह घटना थाना क्षेत्र के गांव दारानगर में हुई। गांव निवासी दौलत की बेटी की बरात हसनपुर तहसील क्षेत्र के गांव हथियाखेड़ा से आई थी। बरात चढ़त के दौरान डीजे पर डांस चल रहा था। इसी दौरान बराती और घराती पक्ष के युवकों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। मारपीट शुरू हो गई। लात-घूंसे और क्राकरी चली। मारपीट में दारानगर निवासी राहुल और हथियाखेड़ा निवासी गोवर्धन और हरिओम घायल हो गए। आनन-फानन में तीनों को उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया। बाद में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दे दी। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई की बात कही है।