मंडी धनौरा (अमरोहा)। अपने पिता के साथ एक आश्रम में जाने वाली नाबालिग को प्रेम जाल में फंसा कर दो युवकों ने उसकी अश्लील वीडियो बना ली और उसे ब्लैकमेल करने लगे। आरोप है कि युवकों ने षड़यंत्र रचकर आश्रम के महाराज के खिलाफ भी नाबालिग को बोलने पर मजबूर कर दिया और उसकी आडियो बना ली। पिता ने दोनों के खिलाफ जान से मारने की धमकी, अश्लील आडियो वायरल करने व मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी ग्रामीण अपने परिवार के साथ एक महाराज के आश्रम में जाता था। वहां पर थाना क्षेत्र के गांव सलानगला का कर्मवीर व हसनपुर के गांव चकेरी का दीपचंद भी आता जाता था। पिता द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक दोनों ने उसकी नाबालिग बेटी को प्रेमजाल में फंसा लिया और उसकी अश्लील वीडियो बना ली। दोनों आरोपियों ने आश्रम के महाराज को बदनाम करने व उनसे धन ऐंठने के लिए बेटी का दुरुपयोग किया। दबाव देकर उसकी आडियो बनाकर वायरल कर दी। घटना की जानकारी बेटी ने परिजनों को दी तो उनके पांव तले जमीन निकल गई। पिता ने इस मामले में पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना पुलिस ने पिता की तहरीर पर कर्मवीर व दीपचंद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।