मंडी धनौरा (अमरोहा)। सद्भावना उत्सव समिति के तत्वावधान में हो रहे सद्भावना क्रिकेट टूर्नामेंट में शुक्रवार को रूड़की और अलीगढ़ की टीम के बीच मैच खेला गया। बेहद रोमांचक मुकाबले में रूड़की की टीम ने अलीगढ़ को दो विकेट से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। रूड़की के खिलाड़ी अंकुर चौहान को मैन आफ दी मैच दिया गया। शिक्षाविद अशोक सैनी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।
टॉस जीतकर अलीगढ़ की टीम ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। ओपनिंग में आए अनुराग ठाकुर ने बहुत ही शानदार बल्लेबाजी करते हुए 68 रन बनाए। कप्तान मनोज सैनी ने 37 रन की पारी खेली। पूरी टीम 160 रन पर आउट हो गई। रूड़की की ओर से सचिन ने चार विकेट लिए। जवाबी बल्लेबाजी करने आई रूड़की की टीम की शुरूआत काफी खराब रही। दोनों ओपनर बल्लेबाज 25 के स्कोर पर आउट हो गए। मात्र 75 रन पर टीम के प्रमुख खिलाड़ी आउट हो गए थे। ऐसा लग रहा था कि अलीगढ़ की टीम आसानी से मैच जीत जाएगी लेकिन अंकुर चौहान ने एक छोर संभाला और अपनी टीम को जीत दिला दी। उसने 37 रन की पारी खेली। अलीगढ़ की ओर से कप्तान मनोज सोनी ने चार विकेट लिए। अंकुर को मैन आफ दी मैच चुना गया। रामलीला प्रबंध समिति के पूर्व अध्यक्ष महेंद्र अग्रवाल ने पुरस्कार दिया। अनिल जैन, गीतेश अग्रवाल, लक्की चौधरी, अहमरउद्दीन, वीरेश कुमार, आकिब, प्रियांक आदि मौजूद थे।