अमरोहा। गजरौला के डीएनएस क्रिकेट एकेडमी मैदान पर खेले गए रोमांचक मुकाबले में एटूआर पैंथर ने विंटेज टाइटंस को तीन विकेट से हरा दिया। पर्व चौहान के अर्धशतक और अर्श खान की छह गेंदों में चार छक्कों से सजी नाबाद पारी ने टीम को 18 ओवर में 140 रन का लक्ष्य हासिल करा दिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए विंटेज टाइटंस ने छह विकेट पर 139 रन बनाए। कप्तान बागी ने 33 गेंदों में 49 रन, लकी ने 38 गेंदों में 36 रन और अमीर खान ने 22 गेंदों पर 25 रन बनाए। एटूआर पैंथर की ओर से तुषार शर्मा ने दो विकेट लिए, जबकि अर्श खान, पर्व चौहान और धीरू ने एक-एक विकेट हासिल किया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए एटूआर पैंथर की शुरुआत खराब रही और पहला विकेट एक रन पर गिर गया। इसके बाद पर्व चौहान ने 37 गेंदों में चार चौके और चार छक्कों की मदद से 58 रन बनाकर टीम को संभाला। विंटेज टाइटंस के इरशाद अली और लकी ने दो-दो विकेट लेकर मुकाबला रोमांचक बना दिया। एक समय एटूआर पैंथर का स्कोर 108 रन पर सात विकेट था।
इसके बाद अर्श खान ने सिर्फ छह गेंदों में चार छक्के जड़ते हुए नाबाद 26 रन की विस्फोटक पारी खेली। राहुल कश्यप ने 11 रन बनाकर उनका साथ दिया और दोनों ने 18वें ओवर में टीम को तीन विकेट से यादगार जीत दिला दी।