अमरोहा। लापता किशोरी को ऑनरकिलिंग बताकर पिता-पुत्र और रिश्तेदार को जेल भेजने के मामले उनकी रिहाई के लिए कल (सोमवार) सुनवाई होगी। अधिवक्ता के मुताबिक आज परिजनों की रिहाई हो सकती है।
आदमपुर थानाक्षेत्र के एक गांव में 17 महीने पहले किसान की नाबालिग बेटी अचानक लापता हो गई थी। भाई ने पांच लोगों के खिलाफ अपहरण की एफआईआर दर्ज कराई थी। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। बाद में तत्कालीन इंस्पेक्टर अशोक शर्मा ने प्रकरण की जांच की और परिजनों की तरफ से दर्ज एफआईआर की पूरी थ्योरी बदल बदलकर झूठी पटकथा लिख डाली थी। उन्होंने किशोरी की गोली मारकर हत्या होना दर्शाकर उसके पिता-भाई और रिश्तेदार को ऑनरकिलिंग में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लेकिन, सात अगस्त को किशोरी अपने प्रेमी के घर सकुशल मिल गई। यह प्रकरण सत्र न्यायालय में विचाराधीन है। गुरुवार को जेल में बंद निर्दोषों की रिहाई के लिए सुनवाई हुई। लेकिन, कोई फैसला नहीं हो सका। अधिवक्ता पंकज और मोहित चौधरी बताया कि सोमवार को निर्दोष परिजनों के रिहाई के आदेश हो सकते हैं।