दस दिन पहले हरियाणा से मजदूरी करके लौटा था मुनेश
कोतवाली क्षेत्र के गांव अल्लीपुर मिलक निवासी मुनेश सिंह परिवार के साथ मजदूरी करता था। बताते हैं कि करीब दस दिन पहले ही वह पत्नी एवं बच्चों के साथ हरियाणा में मजदूरी करने के बाद गांव लौटा था। आठ दिन पहले गांव अल्लीपुर मिलक में ही उसके साढ़ू के घर एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल हुआ था।
कोतवाली क्षेत्र के गांव अल्लीपुर मिलक में जिस खेत में पति-पत्नी के शव मिले। उस खेत में मैंथा की फसल है। यह खेत मुनेश ने अपने ममेरे भाई से बटाई पर ले रखा था। फसल को छुट्टा पशुओं से बचाने के लिए खेत के चारों ओर लोहे के तारों से तारकशी कर रखी थी।
लोहे के तारों में मिला महिला के बालों का गुच्छा
शव के पास ही लोहे के कांटेदार तारों में महिला के बालों का गुच्छा उलझा मिला। जिसे फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य के रूप अपने पास रखा है। इसके अलावा महिला के गले की हसली और मुनेश का मोबाइल भी वहीं से बरामद हुआ है। घटनास्थल को देखकर ऐसा लग रहा है कि जैसे महिला की हत्या से पहले उसके साथ मारपीट की गई है।
मां और पिता के बीच हुई मारपीट: पुलिस
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सनोज प्रताप सिंह का कहना है कि पुलिस पूछताछ में मुनेश की छह वर्षीय बेटी दिवांशी ने बताया कि मां और पिता के बीच मारपीट हुई थी। काफी देरतक मारपीट होती रही। जिससे मां की मौत हो गई और इसके बाद पिता ने भी फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि बच्ची की बातों में कितनी सच्चाई है। तमाम बिंदुओं पर जांच की जा रही है।