शादी में मिली वैगनआर कार में पत्नी नाजिया को बैठकार सीकरी खादर निवासी शाने आलम गंगा में कूद गया। पांच महीने पहले उसकी कसेरुआ निवासी नाजिया से शादी हुई थी। गंगा की लहरों में कार गिरते ही नाजिया ने बचाने के लिए खिड़की से हाथ निकालकर बचाने की गुहार लगाई। मछुआरों ने अपने स्तर पर बचाने की कोशिश की।
तेज रफ्तार कर के नदी में गिरने के दौरान जोरदार आवाज भी हुई थी। पुलिस के मुताबिक शाने आलम को अपने पिता साबिर से रुपयों को लेकर विवाद हुआ था। जिसके चलते वह पत्नी को कार में बैठा कर घर से निकल गया।पहले उसने कार से अपने पिता, बहन और मां को टक्कर मारी। गंभीर रूप से घायल पिता मेरठ में भर्ती हैं।
रास्ते में ई-रिक्शा चालक को भी टक्कर मार दी। युवक द्वारा पत्नी के संग गंगा में कूदने की सूचना पर कई गांवों के ग्रामीण एकत्र हो गए। फ्लड पीएसी को मौके पर बुला लिया गया। काफी तलाश करने के बाद भी उनका कोई पता नहीं चल सका।
सीओ अरुण कुमार सिंह और एसडीएम राजीव राज ने बताया कि बृ़हस्पतिवार की शाम पौने आठ बजे सूचना मिली कि सीकरी खादर निवासी युवक पत्नी सहित कार लेकर गंगा में कूद गया है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे। यहां जानकारी करने पर पता चला कि युवक शाने आलम टेलर का दिल्ली में काम करता था।
बुधवार को शाने आलम गांव में आया था। बृहस्पतिवार की शाम साढ़े छह बजे उसने अपने पिता साबिर से रुपये मांगे। जिसको लेकर उसका पिता से विवाद हो गया। इसके बाद शाने आलम ने शादी में मिली अपनी वैगन आर कार निकाली। घर छोड़ने की बात कहकर कार में पत्नी नाजिया को बैरा लिया।
इस दौरान मां रूना और बहन मंतशा ने कार को रोकने की कोशिश की। दोनों कार की चपेट में आकर घायल हो गईं। आरोप है कि शाने आलम ने अपने पिता साबिर को कार से टक्कर मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बाद शाने आलम कार लेकर तेजी से निकल गया।
सुनपुरा खादर और पपसरा खादर के बीच में बाढ़ खंड द्वारा द्वारा बनवाई जा रही पत्थर की ठोकर के बीच कार को लेकर गंगा में कूद गया। देखते ही देखते कार पानी में समा गई। इस बीच किनारे पर कुछ दूर मछली पकड़ रहे आस पास के लोगों और बाढ़ खंड के कर्मचारियों के शोर मचाने पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने तिगरी में तैनात फ्लड पीएसी को अलर्ट किया। पीएसी कर्मियों ने तिगरी के सामने उसे तलाश किया। देर रात तक दंपति और कार का कहीं पर पता नहीं चल सका। सीओ ने बताया कि रात में अंधेरे के कारण तलाश बंद कर दी गई है।