बुरावली(अमरोहा)। रहरा-हसनपुर मार्ग पर ट्रक की टक्कर से बाइक सवार नरोत्तम सिंह (32), उनकी पत्नी अंकुश देवी (29) और बेटी कोमल (02) की मौत हो गई। वहीं, उनका चार साल का बेटा घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीनों शव पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेज दिए हैं। ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव हथियाखेड़ा निवासी नरोत्तम सिंह मजदूरी करते थे। सोमवार की सुबह वह अपनी पत्नी अंकुश देवी, 4 साल के बेटे प्रिंस और बेटी कोमल के साथ बाइक से रहरा थाना क्षेत्र के गांव उकावली में जा रहे थे। उकावली में नरोत्तम की ससुराल है। करीब 10 दिन पूर्व नरोत्तम के ससुर का निधन हो गया था। जिनकी सोमवार को तेरहवीं संस्कार होना था। तेरहवीं में शामिल होने के लिए दंपती व बच्चे बाइक पर जा रहे थे। रहरा-हसनपुर मार्ग पर गांव गंगवार में तालाब के नजदीक सामने से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बेटी कोमल की मौके पर मौत हो गई। जबकि दंपती व बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर जमा लोगों ने घायलों को रहरा सीएचसी अस्पताल पहुंचाया गया। यहां से नरोत्तम व उसकी पत्नी को गंभीर हालत में रेफर किया गया है। उन्हें अमरोहा से मेरठ ले जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में ही दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने मासूम बच्ची समेत तीनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
उधर, दंपती व बच्ची मौत की सूचना से परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि ट्रक कब्जे में कर लिया है। चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
-