डिडौली। भाकियू शंकर के पदाधिकारियों ने बिजली विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार को खत्म करने समेत अन्य मांगों को लेकर जनजागरण महापंचायत में आवाज उठाई। चेतावनी देते हुए कहा कि छह अगस्त तक समस्याओं का निस्तारण न होने पर सात अगस्त को कलक्ट्रेट का घेराव किया जाएगा।
शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन शंकर के जन जागरण कार्यक्रम के तहत डिडौली में महापंचायत का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी दिवाकर सिंह ने कहा कि मुरादाबाद मंडल के पांच लाख किसानों के हित को देखते हुए मध्य गंगा नहर फेस टू छह किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से पानी छोड़ा जाए। छुट्टा पशुओं से निजात दिलाई जाए। बैंकों के द्वारा केसीसी खातों में किए जा रहे खेल को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैंक पूरी तरह से मनमानी पर उतारू हैं। उर्वरक खाद व महंगे कीटनाशक नकली बनाए जा रहे हैं और किसानों को दिए जा रहे हैं।
सरकार को इस पर लगाम लगानी चाहिए। डिडौली क्षेत्र के लगभग 50 गांवों की बिजली की समस्या के समाधान के लिए डिडौली में 132 केवी विद्युत स्टेशन की स्थापना कराई जाए। तहसील, ब्लाक, विद्युत विभाग द्वारा किए जा रहे भ्रष्टाचार पर रोग लगाई जाए। किसानों का बकाया गन्ना मूल्य भुगतान ब्याज सहित किया जाए। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान महिपाल ने की जबकि इसका संचालन चौधरी वीरेंद्र सिंह ने किया। इस दौरान चौधरी धर्मवीर सिंह, चौधरी नेपाल सिंह, राकेश रतनपुर, विक्रम पवार, अशोक चौधरी, बबीता रानी आदि मौजूद रहे।