अमरोहा। कोरोना टीकाकरण को लेकर स्वास्थ्य विभाग की तैयारियां आखिरी पड़ाव पर हैं। अब दूसरा रिहर्सल 11 जनवरी को जिला अस्पताल सहित 26 स्थानों पर कराया जाएगा। सभी स्थानों पर पंजीकृत नोडल अधिकारियों की निगरानी में 15-15 लोगों को वैक्सीनेशन का अभ्यास कराया जाएगा। इसके लिए विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली है। वहीं सुरक्षा के लिहाज से पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे।
सीएमओ डॉ. सौभाग्य प्रकाश ने बताया कि कोरोना टीकाकरण की तैयारी पूरी कर ली गई है। सभी नोडल अधिकारियों की निगरानी में फिर से 11 जनवरी सोमवार को जिला अस्पताल सहित 26 स्थानों पर पूर्वाभ्यास कराया जाएगा। यह पूर्वाभ्यास सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगा। जिला अस्पताल सहित देहात में तीन सेंटर बनाए जाएंगे। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हसनपुर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रहरा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोया, बछरायू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बूथ बनाए जाएंगे। शासन के निर्देश पर पहले चरण में 5 जनवरी को आब्जर्वर और नोडल अधिकारियों की निगरानी में छह स्थानों पर वैक्सीनेशन की पूर्वाभ्यास कराया गया था जो सफल रहा। इसी तरह इस बार भी सेंटर पर कम से कम तीन कमरे होंगे। जिसमें पहला वेटिंग रूम, दूसरा वैक्सीनेशन रूम और तीसरा ऑब्जर्वेशन रूम होगा। आशा और आंगनबाड़ी, पुलिस-प्रशासन को सहयोगी स्टाफ में रखा गया है। जिनका काम टीकाकरण स्थल पर लोगों को लाने में किया जाएगा। कोविड-19 टीकाकरण के दौरान प्रत्येक लाभार्थी की आईडी का मिलान एप पर पंजीकरण से किया जाएगा। उसी को कोविड-19 वैक्सीन का टीका लगाया जाएगा। नोडल अधिकारियों के निर्देशन में टीमें अपने-अपने बूथ पर वैक्सीनेशन करेंगी। इसके अलावा कोल्ड चेन से वैक्सीन को बूथ तक ले जाने-लाने और वैक्सीन को निर्धारित तापमान पर रखने की जांच करेंगे। कोई समस्या होने पर नोडल अधिकारी आब्जर्वर को सूचित करेंगे। नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ हरिदत्त नेमी, एसीएमओ डॉ. गोपीलाल, डॉ. विनोद कुमार को बनाया गया है।