जोया (अमरोहा)। जिले के कोरोना संक्रमित किसान की टीएमयू में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह लीवर और किडनी की बीमारी से ग्रस्त थे। कोरोना की आशंका जताते हुए सांई हॉस्पिटल में उनका सैंपल कराया गया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें टीएमयू में भर्ती कराया था। लेकिन शुक्रवार की रात उनकी मौत हो गई। किसान की मौत से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा है। लोगों में दहशत का माहौल है। डॉक्टरों की निगरानी में गांव के कब्रिस्तान में शव को सुपुर्द-ए-खाक कराया गया है।
जिले के एक 50 वर्षीय किसान लीवर और किडनी की बीमारी से ग्रस्त थे। सांस लेने में भी दिक्कत हो रही थी। उनका इलाज दिल्ली के एम्स से चल रहा था। नौ जून हो हालात बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए मुरादाबाद के सांई हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। जहां डॉक्टरों ने कोरोना की आशंका जताते हुए कोरोना टेस्ट कराया गया था। 11 जून को जांच रिपोर्ट में वह कोरोना संक्रमित पाए गए। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने इलाज के लिए मुरादाबाद के टीएमयू में भर्ती कराया था। लेकिन शुक्रवार की रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। शनिवार को अमरोहा से एंबुलेंस और स्वास्थ्य विभाग की टीम टीएमयू पहुंची। जहां से शव किसान के गांव लाया गया। यहां डॉक्टरों ने निगरानी में कब्रिस्तान में शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया है। सीएमओ डॉ. मेघ सिंह ने बताया कि किसान को लीवर में इंफेक्शन था। उन्हें मुरादाबाद में कोरोना की पुष्टि हुई थी। उनका इलाज मुरादाबाद के टीएमयू में चल रहा था। जहां देर रात मौत हो गई है।