गजरौला। निजी नर्सिंग होम के कंपाउंडर के बाद उसकी पत्नी और नर्सिंग होम में ही काम करने वाले तीन अन्य युवकों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने के बाद एक और कंपाउंडर में भी कोरोना संक्रमण पाया गया। जानकारी होने के बाद उसके गांव वारसाबाद को सैनिटाइज कराने के बाद सील कर दिया गया। वहीं कंपाउंडर के परिजनों की शुक्रवार को सैंपलिंग की जाएगी। उधर, नर्सिंग होम में कार्यरत स्टाफ लगातार संक्रमित पाए जाने पर आसपड़ोस के लोगों और उक्त नर्सिंग होम में अपने बच्चों का उपचार करा चुके परिवारों में हड़कंप मचा हुआ है।
गुरुवार को आईं जांच रिपोर्ट में सामने आया है कि नगर के मोहल्ला कवि नगर में स्थित एक नर्सिंग होम में कार्यरत थाना क्षेत्र के गांव वारसाबाद निवासी एक कंपाउंडर की जांच रिपोर्ट भी कोरोना संक्रमित आई है। यह सूचना नगर और क्षेत्र में फैलते ही कई लोग सकते में आ गए। इनका कहना है कि उन्होंने भी अपने बच्चों का उपचार कुछ दिन पूर्व इसी नर्सिंग होम में कराया था। वहीं सीएचसी अधीक्षक डा. योगेंद्र सिंह ने बताया कि गांव वारसाबाद को सील कर दिया है। शुक्रवार को उसके परिजनों की सैंपलिंग कराई जाएगी। वहीं शुक्रवार को ही खंड विकास कार्यालय, नगर पालिका एवं पुलिसकर्मियों के भी नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे। बता दें कि गजरौला में निजी चिकित्सकों की जांच कराई गई थी। 14 जून को यहां कवि नगर में स्थित नर्सिंग होम के संचालक चिकित्सक दंपती और कंपाउंडर का भी सैंपल जांच को भेजा गया था। 18 जून को कंपाउंडर की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद अस्पताल और वहां जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया था। अगले दिन कंपाउंडर की पत्नी, दो बच्चों, नर्सिंग होम में कार्यरत नौ कर्मियों समेत 26 के सैंपल जांच को भिजवाए गए थे। मंगलवार को आई आई रिपोर्ट में कंपाउंडर की पत्नी और नर्सिंग होम में कार्यरत तीन युवको की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।