अमरोहा। जिले के पॉजिटिव कॉटनवेस्ट कारोबारी के बेटे समेत चार लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। लखनऊ से 262 सैंपलों की रिपोर्ट आई, जिसमें चार लोग पॉजिटिव पाए गए। संक्रमितों में निजी स्वास्थ्य कर्मी, असिस्टेंट सेल्स मैनेजर और प्राइवेट कंपनी का अकाउंटेंट शामिल है। वहीं आठ आशंकितों के सैंपल दोबारा जांच के लिए भेजे जाएंगे। जिले में अब संक्रमित मरीजों की संख्या 127 हो गई है।
गुरुवार की सुबह लखनऊ से 249 सैंपलों की रिपोर्ट आई थी। इसमें कोई संक्रमित मरीज नहीं मिला। दोपहर बाद 13 और सैंपलों की रिपोर्ट आई, जिसमें प्राइवेट लैब की जांच में पॉजिटिव मिले कॉटनवेस्ट कारोबारी का बेटा, निजी स्वास्थ्य कर्मी के संपर्क में उसका सहयोगी, दिल्ली से लौटा प्राईवेट कंपनी का असिस्टेंट मैनेजर और गुड़गांव से आया प्राइवेट कंपनी का अकाउंटेंट संक्रमित पाए गए। इसके अलावा आठ आशंकित मरीजों के सैंपल दोबारा कराए जाएंगे। कोविड-19 नोडल अधिकारी डॉ हरिदत्त नेमी ने बताया कि जिले में अभी तक गजरौला के अस्पताल के कंपाउंडर की चेन सबसे लंबी रही है। उसके संपर्क आई उसकी पत्नी सहित पांच लोग संक्रमित पाए गए हैं। जिले में टोटल मरीजों की संख्या 127 हो गई है। इसमें 47 मरीज एक्टिव चल रहे हैं। सभी मरीजों का इलाज श्रीवैंक्टेश्वर यूनिवर्सिटी के विम्स हास्पिटल और मुरादाबाद के टीएमयू में चल रहा है।