मंडी धनौरा(अमरोहा)। कोरोना संक्रमण की वजह से नगर के एक मोहल्ला निवासी एक बुजुर्ग की टीएमयू में मौत हो गई। वह लगभग 75 साल के थे। बुजुर्ग के परिवार के सभी सदस्य संक्रमित हैं और टीएमयू में ही आइसोलेट हैं। बुजुर्ग की मौत की जानकारी टीएमयू में ही भर्ती उनके परिजनों को दी गई। बेहद सुरक्षा के बीच उनके पुत्र ने मुरादाबाद में ही उनका अंतिम संस्कार कर दिया। दुखद बात यह रही कि परिवार के किसी भी सदस्य को उनके अंतिम दर्शन भी नहीं हो सके। उनकी 94 वर्षीय माता भी टीएमयू में ही भर्ती है।
नगर के एक मोहल्ला निवासी बुजुर्ग की सात दिन पहले कोरोना जांच कराई गई थी। जांच में वह पॉजिटिव आए थे। उनके पॉजिटिव आने के बाद पूरे परिवार की जांच कराई गई तो उनकी माता, पुत्र व पुत्रवधू कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। सभी को टीएमयू में भर्ती करा दिया गया था। वहां शुक्रवार की सुबह उनकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन ने इसकी जानकारी टीएमयू में ही भर्ती उनके पुत्र को दी। पिता की जानकारी होने पर पुत्र पर वज्रपात सा हो गया। पुत्र ने नगर में रहने वाले अपने ससुरालियों को इसकी जानकारी दी। उन्होंने मुरादाबाद जाकर अंतिम संस्कार की तैयारी की। बुजुर्ग के पुत्र ने विशेष अनुमति के बाद पिता के शव के साथ ही श्मशान घाट जाकर उनका अंतिम संस्कार कर दिया। पुत्र के अलावा दो रिश्तेदार ही इस मौके पर मौजूद रहे। बुजुर्ग के एक छोटे भाई भी गाजियाबाद के एक अस्पताल में कोरोना संक्रमण का उपचार करा रहे हैं। उनकी मौत की नगर में काफी चर्चा रही।