धार्मिक कार्यक्रम में पहुची पुलिस आयोजकों से पूछताछ करते हुए
- फोटो : DHANAURA
मंडी धनौरा (अमरोहा)। धार्मिक कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किए जाने की शिकायत मिलने पर पहुंची पुलिस ने कार्यक्रम को बंद करा दिया। मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया। पुलिस का कहना है कि धार्मिक कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति नहीं ली गई थी।
रविवार को नगर में बछरायूं को जाने वाले मार्ग पर एक व्यक्ति के घर पर धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन हो रहा था। हिंदूवादी संगठनों ने प्रभारी निरीक्षक से शिकायत की कि इस धार्मिक कार्यक्रम के जरिए गरीब व निरक्षर लोगों का धर्म बदलने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक अमर सिंह मय फोर्स के मौके पर पहुंचे।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि वहां काफी संख्या में स्त्री-पुरुष मौजूद थे। पुलिस ने बिना अनुमति के धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करने पर हिदास दी। साथ ही मौके से गृहस्वामी राजपाल सैनी, मुरादाबाद के मोहल्ला पीतल नगरी निवासी रामकिशोर व जनपद बिजनौर के कस्बा नहटौर निवासी पदम सिंह को गिरफ्तार कर लिया। तीनों का शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आयोजक का कहना है कि धर्म परिवर्तन नहीं करवाया जा रहा था। उनकी रविवार को होने वाली सामान्य प्रेयर थी।
मेरे घर पर धार्मिक सभा का आयोजन किया गया था। इसमें धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने जैसी कोई बात नहीं थी। कुछ लोगों द्वारा पुलिस को गलत सूचना दी गई।
राजपाल सैनी