अमरोहा। ड्यूटी के दौरान महिला दरोगा की तबीयत खराब होने पर गेस्ट रूम में आराम करते समय छिपकर उनका वीडियो बनाकर वायरल करने के मामले में एसपी ने कड़ा एक्शन लिया है। महिला थाना गजरौला के सरकारी वाहन पर तैनात सिपाही चालक ऋषिकेश को जांच रिपोर्ट के आधार पर निलंबित कर दिया गया है। साथ ही इस कृत्य को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
एसपी लखन सिंह यादव ने बताया कि 17 अप्रैल को नोएडा में श्रमिक आंदोलन के चलते अमरोहा जिले में अलर्ट घोषित किया गया था। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गजरौला क्षेत्र की 20 से अधिक फैक्टरियों में करीब 1500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। प्रत्येक फैक्टरी पर 60 से 70 पुलिसकर्मियों के साथ इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारी भी तैनात थे। इसी दौरान एक महिला दरोगा की ड्यूटी यूएस फूड फैक्टरी पर लगी थी।
ड्यूटी के दौरान उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। उन्होंने उच्चाधिकारियों को सूचित करते हुए एक महिला आरक्षी के साथ फैक्टरी के गेस्ट रूम में कुछ समय के लिए आराम किया। आरोप है कि इसी दौरान सरकारी वाहन चालक ऋषिकेश ने छिपकर मोबाइल से उनका वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस विभाग ने तत्काल जांच कराई।
मंगलवार को जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद एसपी ने आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया। एसपी ने स्पष्ट कहा कि यह कृत्य कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।