अमरोहा। पतेई खालसा में आवारा कुत्तों के हमले में गंभीर रूप से घायल दो वर्षीय गवनीश की हालत एक बार फिर बिगड़ गई है। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। बताया गया कि कुत्तों के हमले में मासूम का आधा कान भी नोचकर खा लिया था। उपचार के दौरान लगाए गए टांकों में पस पड़ने की शिकायत के बाद उसकी हालत खराब हुई है। इससे परिजन परेशान हैं।
परिजनों के अनुसार मेरठ में उपचार के बाद चिकित्सकों ने बच्चे को यह कहते हुए छुट्टी दी थी कि आगे का इलाज दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में कराया जाए। बच्चे के पिता मनोज की आर्थिक स्थिति कमजोर है। उन्होंने दिल्ली में इलाज कराने में असमर्थता जताई है। परिजनों ने मंगलवार की सुबह बच्चे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. चरन सिंह ने बताया कि बच्चे की हालत अभी गंभीर है। डॉक्टरों की देखरेख में इलाज शुरू किया गया है, उसकी विशेष निगरानी की जा रही है।