अमरोहा। जुलाई में स्कूलों वैन के दुर्घटना के मामले में बीएसए की ओर से प्रधानाचार्य को नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण तलब किया गया है। दुर्घटना में घायल हुई छात्रा स्वर्णा त्यागी की मां द्वारा संपूर्ण समाधान दिवस में लापरवाही की शिकायत दर्ज कराई थी।
18 जुलाई को मनौटा गजरौला रोड पर आईपी स्कूल की वैन दुर्घटना ग्रस्त हो गई थी। इसमें एक छात्रा की मौत भी हो गई थी। घटना में छात्रा स्वर्णा त्यागी भी घायल हो गई थी। स्वर्णा की मां प्रीति त्यागी ने संपूर्ण समाधान दिवस में स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया था। बताया कि स्वर्णा ने कई बार उससे वैन में क्षमता से अधिक बच्चे होने के कारण सीट ने मिलने की बात कही थी।
उन्होंने स्कूल प्रबंधन व प्रधानाचार्य से इसकी शिकायत भी की, लेकिन कोई ध्यान नही दिया गया। जिसके बाद यह घटना घट गई। हादसे में घायल हुई स्वर्णा का अभी भी उपचार चल रहा है और वह अभी भी कोमा की स्थिति में है। शिकायत के आधार पर बीएसए डॉ. मोनिका ने स्कूल के प्रधानाचार्य का स्पष्टीकरण तलब किया है। साथ ही बीईओ को विद्यालय प्रबंधक, प्रधानाचार्य व शिकायतकर्ता के साथ सुनवाई करते हुए आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं।