अमरोहा। इसी माह की 22 फरवरी को मेगा/बृहद विधिक जागरूकता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर को सफल और प्रभावी बनाने की गरज से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष/जिला जज विवेक की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
जिला जज विवेक ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को शीघ्र, सस्ता एवं सुलभ न्याय मुहैया कराना प्राधिकरण का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, पात्र लाभार्थियों का सटीक चिह्नांकन हो और पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखी जाए। ताकि कोई भी जरूरतमंद लाभ से वंचित न रह जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस शिविर में चिह्नित और पंजीकृत सभी लाभार्थियों को 22 फरवरी को आयोजित मेगा। विधिक एवं सेवा शिविर में उनके अधिकारों से जुड़े लाभ प्रदान किए जाएगे। उन्होंने बताया कि मेगा शिविर के दौरान नागरिकों को एक ही स्थान पर निशुल्क कानूनी सलाह, विधिक सहायता, लोक अदालत राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान 2.0 की जानकारी तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। अपर जिला जज/नोडल अधिकारी ईश्वर सिंह ने कहा कि इस शिविर की पूर्व तैयारी का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है, समय और संसाधनों का सर्वोत्तम उपयोग हो तथा अधिकतम जरूरतमंद नागरिकों को लाभ मिल सके।