गजरौला। खाटू श्याम की निशान शोभायात्रा में आस्था और भक्ति का गुलाल उमड़ा। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु हाथ में निशान ध्वज लेकर खाटू श्याम के भजनों पर झूमते हुए चल रहे थे। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा पर पुष्प वर्षा कर स्वागत कर खाटू श्याम का आशीर्वाद लिया।
बुधवार की सुबह गजरौला बस्ती स्थित अग्रवाल भवन में विधि विधान से पूजा अर्चना कर खाटू श्याम की निशान शोभायात्रा निकाली गई। पीले वस्त्र पहने श्रद्धालुओं के हाथ में निशान ध्वज थे। निशान शोभायात्रा अग्रवाल भवन से शुरू होकर बस्ती मार्ग से इंदिरा चौक, रेलवे स्टेशन पहुंची। यहां से इंदिरा चौक की तरफ वापस हुई। खाटू श्याम के भजनों पर थिरकते चल रहे श्रद्धालु एक दूसरे पर गुलाल उड़ेल रहे थे। गुलाल से श्रद्धालु सराबोर हो गए। हारे का सहारा बाबा खाटू श्याम हमारा से आसमान गूंज उठा। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा पर पुष्प वर्षा कर स्वागत करते हुए खाटू श्याम से आशीर्वाद लिया। चौपला पहुंच कर शोभायात्रा श्याम मंदिर धाम पर संपन्न हुई। इस मौके पर राजीव मित्तल, वैभव गोयल, अंकुर नागर, अमर, पवन कुमार, अतुल कुमार, कपिल गोयल, अभिषेक, नीरज, प्रीति मित्तल आदि मौजूद रहे। सुरक्षा के लिए पुलिस बल साथ रहा।