घर से निकले सफाई कर्मी कुलदीप कुमार (35) संदिग्ध हालत में लापता हो गए। रामगंगा पोषक नहर के पास उनकी बाइक, हेलमेट-जूते और बंद मोबाइल पड़ा मिला है। परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए गुमशुदगी दर्ज कराई है।
सफाईकर्मी कुलदीप नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के गांव अलीपुर कलां निवासी जगदीश कुमार के बेटे हैं। उनकी तैनाती हसनपुर ब्लाॅक में है। वह पत्नी और बच्चों के साथ हसनपुर में ही रहते हैं। परिजनों के मुताबिक सोमवार शाम को कुलदीप माता-पिता से मिलने के लिए गांव आए थे। मंगलवार सुबह लगभग पांच बजे परिजनाें को बिना बताए बाइक लेकर घर से निकल गए। परिजनों ने सोचा कि वह ड्यूटी पर गए है। उधर, सुबह सात बजे राहगीरों ने रामगंगा पोषक नहर के पास अलीपुर कलां से फौलादपुर गांव की ओर जाने वाले रास्ते के किनारे कुलदीप की बाइक पडी देखी। हेलमेट भी पास ही पड़ा था, जबकि पांच मीटर दूर दोनों जूते पड़े थे।
लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक के नंबर के आधार पर मालिक का पता लगाया गया। बाइक कुलदीप की थी। जानकारी मिलते ही परिजन भी पहुंच गए। मोबाइल पर संपर्क किया तो वह बंद पड़ा मिला। सफाई कर्मी कुलदीप के लापता होने से परिजन बदहवास हो गए। पिता ने अनहोनी की आशंका जताते हुए गुमशुदगी दर्ज कराई है। सीओ अवधभान भदोरिया ने बताया कि लापता सफाई कर्मी को तलाश किया जा रहा है।