विनीत कुमार डिडौली कोतवाली क्षेत्र के शेखूपुर माफी गांव निवासी रवि कुमार का बेटा था। रवि कुमार के परिवार में पत्नी भूरिया देवी के अलावा चार बेटे हैं। चार भाइयों में सबसे बड़ा विनीत कुमार कक्षा छह का छात्र था। इन दिनों गर्मी की छुट्टियां चल रही हैं। परिवार की जरूरत को पूरा करने के लिए विनीत कुमार गांव के ही उस्मान के ट्रैक्टर पर ईंट ढोने का काम करने लगा था।
रविवार को उस्मान खैय्या माफी गांव के भट्ठे से ईंट भरकर कैलसा बेचने जा रहे थे। उनके साथ विनीत कुमार भी था। ईंटों से भरा ट्रैक्टर सहसपुर अलीनगर गांव के पास आईटीआई कॉलेज के सामने पहुंचा तो ट्रैक्टर को रुकवाकर विनीत आम तोड़ने लगा। आम तोड़ने के बाद विनीत ट्रैक्टर पर चढ़ने की कोशिश कर रहा था। तभी उसका पैर फिसल गया और वह ट्रैक्टर के पहिये नीचे आ गया।
हादसे में विनीत गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रैक्टर पर सवार अन्य मजदूर उसे पाकबड़ा स्थित अस्पताल में लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही विनीत ने दम तोड़ दिया। छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलती पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच पड़ताल की। लेकिन, परिवार ने कानूनी कार्रवाई करने से इन्कार कर दिया। चर्चा है कि ट्रैक्टर मालिक और पीड़ित परिवार के बीच समझौता हो गया है।